पाकिस्तानी जासूस पंजाब में गिरफ्तार
मोहाली (पंजाब), 29 मई (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने शनिवार को यहां स्थित वायु सेना स्टेशन के पास से एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने कहा कि जासूस की पहचान पाकिस्तान में लाहौर निवासी इरफान उल्हा (29) के रूप में हुई है। उसे मुल्लानपुर में वायु सेना स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक जी.पी.एस भुल्लर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रारंभिक जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि इरफान जासूसी के मकसद से भारत आया था। वह देश भर के हवाई अड्डों और वायु सेना स्टेशनों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहा था।
पुलिस ने इरफान के कब्जे से एक पिस्तौल, 20 जिंदा कारतूस, हवाई अड्डों की तस्वीरें और कई नक्शे बरामद किए हैं।
इरफान के कब्जे से एक डायरी भी बरामद की गई है जिसमें हाथ से गुप्त कोड लिखे गए हैं। पुलिस इन कोड को समझने का प्रयास कर रही है। इरफान को खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स का समर्थन मिल रहा था। इसके साथ ही जर्मनी स्थित आतंकवादी गुरमीत सिंह बग्गा भी उसकी मदद कर रहा था।
भुल्लर ने कहा कि इरफान अवैध रूप से भारत में घुस आया था और वह फर्जी पहचान जरिये यहां रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में इरफान ने कहा कि वह स्नातक तक की पढ़ाई कर चुका है और भारत आने से पहले वह लाहौर में एक स्कूल में भौतिकी, अंग्रेजी और गणित पढ़ाया करता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications