चिमनी दुर्घटना मामले में 6 निलंबित
लखनऊ, 29 मई(आईएएनएस)। झ्झांसी के परीछा तापीय विद्युत संयंत्र की निर्माणाधीन चिमनी ढहने के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में छह अभियंताओं को निलंबित कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष आलोक टंडन ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि प्रारंभिक जांच में चिमनी निर्माण के पर्यवेक्षण कार्य में लगे राज्य विद्युत उत्पादन निगम के छह अभियंताओं की लापरवाही सामने आई, जिसे देखते हुए उन्हें निलंबित किया गया है।
उन्होंने कहा कि निलंबित किए गए अभियंताओं में दो अधीक्षण अभियंता, एक अधिशासी अभियंता, दो सहायक अभियंता व एक अवर अभियंता शामिल हैं।
इसके साथ ही उत्पादन निगम ने चिमनी ढहने के मामले की जांच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान(आईआईटी), दिल्ली के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर एस.एन.सिन्हा को सौंप दी है।
मालूम हो कि झ्झांसी के बड़गांव इलाके स्थित परीछा ताप विद्युत संयंत्र की 220 मीटर निर्माणाधीन चिमनी गत 24 मई को ढह गई थी, जिसमें दो मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई थी जबकि तीन घायल हो गए थे।
इस मामले में उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड(यूपीपीसीएल) की तरफ से चिमनी निर्माण का काम कर रही संस्था नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन(एनबीसीसी) के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications