उप्र में अधिकतम तापमान में गिरावट
लखनऊ, 29 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार तड़के लगातार दूसरे दिन तेज हवाओं के साथ विभिन्न स्थानों पर बारिश से लोगों ने भीषण गर्मी से काफी राहत महसूस की है।
लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी, रायबरेली, प्रतापगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने तड़के तेज हवाओं के साथ हुई बारिश का लुत्फ उठाया। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक वाराणसी में सबसे ज्यादा 2.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इससे पहले शुक्रवार को भी राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी। बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 37.7 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 35.3 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 34.2 डिग्री सेल्सियस और लखनऊ का 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घटों के दौरान पूर्वाचल और मध्य भाग के विभिन्न स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications