'नक्सलियों के खिलाफ सेना के इस्तेमाल से इंकार नहीं'
रक्षा मंत्री शनिवार को सेना प्रमुख जनरल वी.के.सिंह से मिले और नक्सलियों के खिलाफ सेना के इस्तेमाल की संभावना पर चर्चा की।
जानकार सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि सिंह और एंटनी ने पूर्व व मध्य भारत में नक्सल विरोधी अभियान में अर्धसैन्य बलों की मदद में सेना की भूमिका पर चर्चा की।
एंटनी ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि सकार इस मुद्दे पर सावधानीपूर्वक विचार कर रही है। लेकिन उन्होंने सेना के इस्तेमाल की बात से इंकार नहीं किया।
रक्षा मंत्रालय ने कहा, "इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं की जा सकती। हम सावधानीपूर्वक अध्ययन करने के बाद निर्णय लेंगे।"
एंटनी और सेना प्रमुख के बीच ऐसे समय में मुलाकात हुई है, जब एक दिन पहले नक्सलियों ने पश्चिम बंगाल में रेल पटरी उड़ा दी थी, जिसके कारण हुई रेल दुर्घटना में 130 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
सूत्रों ने कहा कि सेना नक्सल प्रभावित इलाकों की ओर कूच करने को तैयार है और वह इसके बारे में राजनीतिक निर्णय का इंतजार कर रही है।
एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "सेना किसी भी स्थिति से निपटने की योजना को अंतिम रूप दे रही है। सेना नक्सलियों के खिलाफ हस्तक्षेप कर सकती है।"
सेना फिलहाल नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान में केंद्रीय अर्धसैनिकों को प्रशिक्षण दे रही है और चौकसी व साजोसामान की मदद कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications