चीनी नेताओं ने दिखाई प्रतिबद्धता : राष्ट्रपति
शंघाई, 29 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने शनिवार को कहा कि उनके दौरे के दौरान चीनी नेताओं के साथ हुई बातचीत में भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने की उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट थी।
राष्ट्रपति ने चीन की व्यावसायिक राजधानी शंघाई में छोटे से भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, "पिछले दो दिनों के दौरान बीजिंग में मैंने राष्ट्रपति हू जिंताओ, प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ और अन्य चीनी नेताओं के साथ व्यापक और रचनात्मक बातचीत की। हमारे बीच हुई बातचीत के दौरान भारत-चीन संबंधों को मजबूत बनाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट थी।"
पाटील छह दिनों की चीन यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि उनका दौरा दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ के साथ संपन्न हो रहा है।
पाटील ने भारतीय समुदाय से कहा, "हाल के वर्षो में हमारा द्विपक्षीय संबंध विस्तारित और विविधरंगी हुआ है। भारत और चीन समृद्ध व्यापार और आर्थिक संबंध, जीवंत सांस्कृतिक संबंध और नागरिकों के बीच आदान-प्रदान का भी आनंद ले रहे हैं। शंघाई में रहने वाले आप लोगों में से कई सारे लोग इस सच्चाई से वाकिफ हैं।"
चीन में लगभग 25,000 भारतीय रहते हैं। इसमें मुख्य रूप से पेशेवर व विद्यार्थी शामिल हैं।
पाटील ने कहा कि दोनों देशों ने जलवायु परिवर्तन, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय एवं आर्थिक मामलों सहित कई सारे वैश्विक मुद्दों पर जी-20 और दोहा चक्र की वैश्विक व्यापार वार्ता में मिल कर काम किया है।
चीन में भारत द्वारा आयोजित सांस्कृतिक समारोह का जिक्र करते हुए पाटील ने कहा, "मैं समझती हूं कि इसे लोगों ने काफी पसंद किया है और इससे चीन के लोगों को हमारी संपन्न विरासत के बारे में जानकारी हुई है।"
पाटील ने कहा, "शंघाई एक्सपो-2010 में हमारी भागीदारी चीनी लोगों तक पहुंचने के हमारे प्रयास का एक अभिन्न हिस्सा है। इससे हमें अपने मूल्यों व लोकाचार को जाहिर करने का मौका मिला है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications