रेल हादसे की सीबीआई जांच चाहती हैं ममता
उन्होंने ने आशंका जताई कि रविवार को पश्चिम बंगाल में होने वाले स्थानीय चुनावों के मद्देनजर यह हादसा उनकी विरोधियों की साजिश का परिणाम भी हो सकता है।
उन्होंने संवादाताओं से कहा कि हमने सरकार से इस हादसे की अच्छी तरह जांच करवाने को कहा है। जांच के लिए मैंने सीबीआई को प्राथमिकता देने की बात कही है।
अप्रत्यक्ष रूप से पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, मैं नहीं जानती किसने यह जघन्य अपराध किया है, लेकिन यह जरूर है कि कोई राजनीतिक षड्यंत्र है। मैंने केंद्रीय गृहमंत्री से इसकी जांच करवाने का आग्रह किया है।
बनर्जी ने कहा, षड्यंत्र किसने रचा, मैं नहीं जानती। लेकिन मैं बहुत बुरा अनुभव कर रही हूं। स्थानीय चुनाव से ठीक दो दिन पहले ऐसी घटना को अंजाम देना मुझे राजनीति से प्रेरित लगता है।
उन्होंने ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस हादसे में 108 लोगों की मौत की जिम्मेवारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की सीपीआई-एम की मांग को भी खारिज किया।
ममता ने कहा, यदि यह महज एक दुर्घटना होती तो मैं इस्तीफा देने पर विचार करती, लेकिन यह एक साजिश का मामला है, इसलिए मैं ऐसा नहीं करूंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications