रेल दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 108 तक पहुंची
पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने बताया कि अब तक 108 शव बरामद हुए हैं। अभी कुछ और शव बरामद हो सकते हैं। राहतकर्मी बुरी तरह क्षतिग्रस्त द्वितीय श्रेणी के स्लीपर कोच एस 5 के मलबे को हटाने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में 146 यात्री घायल हैं, जिनमें से 38 की हालत गंभीर है।
सिंह ने विस्तृत जानकारी न देते हुए सिर्फ इतना कहा कि प्राप्त सबूतों से पता चलता है कि इस भीषण दुर्घटना को अंजाम देने में निश्चत रूप से नक्सलियों का हाथ है।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध नक्सलियों ने सरडीहा और खेमासुली रेलवे स्टेशन के बीच डेढ़ फीट रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया था, जिससे शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे यह हादसा हुआ। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।
इस रेलगाड़ी के पांच कोच दूसरे ट्रैक पर जा गिरे। जब तक यात्री उनमें से निकल पाते, एक मालगाड़ी इन कोचों पर चढ़ गई, जिससे काफी लोग कुचले गए।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल से नक्सलियों के दो पोस्टर बरामद किए हैं। इसी आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि इस त्रासदी में नक्सलियों का हाथ है।
इस वर्ष नक्सलियों द्वारा इंजाम दिए जाने वाली यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले नक्सलियों ने छह अप्रैल को छत्तीसगढ़ में 76 सुरक्षाकर्मियों की जान ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications