ढुलमुल रवैया अपना रही है गोवा पुलिस : स्वीडिश मॉडल
इस मॉडल ने गोवा पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस उस वीडियो फुटेज को इकट्ठा करने में ढुलमुल रवैया अपना रही है जिसमें राज्य के एक नेता और तस्करों के बीच संबंध दिखाया गया है।
उल्लेखनीय है कि 33 वर्षीय स्वीडिश मॉडल लकी फार्महाउस ने एक खुफिया वीडियो जारी कर पुलिस और ड्रग माफियाओं के बीच चल रही सांठगांठ को दिखाया गया था जिसके बाद सात पुलिसकर्मियों और एक इजरायली ड्रग विक्रेता को गिरफ्तार किया गया था।
ई-मेल के माध्यम से दिए गए साक्षात्कार में फार्महाउस ने बताया कि मुंबई प्रवास के दौरान गोवा अपराध शाखा के अधिकारियों ने उनसे मुलाकात नहीं की थी। इस सप्ताह की शुरुआत में वह वापस लौट गई थीं।
इजरायली ड्रग विक्रेता यानिव बेनाइम उर्फ अताला की पूर्व प्रेमिका फार्महाउस ने बताया, "मैं अब स्वीडन में हूं। पुलिस मुझसे पूछताछ के लिए समय नहीं निकाल पाई। पुलिस ने मुझसे केवल एक बार संपर्क किया। उन्होंने मुझसे मुंबई के पते और यात्रा के बारे में जानकारी ली थी।"
इस मामले में पुलिस उपमहानिरीक्षक आर.एस. यादव से संपर्क नहीं हो पाया। यादव ने हालांकि इस बात की घोषणा की थी कि फार्महाउस ने पुलिस से संपर्क नहीं किया था।
उधर, बंबई उच्च न्यायालय की पणजी खंडपीठ ने राज्य सरकार को मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने पर विचार करने के लिए कहा था।
इस मामले में शुक्रवार को सरकार ने अदालत को बताया था कि मामले की जांच सीबीआई से कराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications