विस्फोट की आवाज सुनी थी : चालक
झारग्राम, 29 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के झारग्राम में गुरुवार रात हादसे का शिकार हुई ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के चालक ने शनिवार को पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत में कहा कि ट्रेन के डिब्बों के पटरी से उतरने से पहले उन्होंने विस्फोट की आवाज सुनी थी और झटका महसूस किया था। इस हादसे में कम से कम 95 लोगों की मौत हो गई।
चालक बी. के. दास ने 'अज्ञात उपद्रवकारियों' के विरुद्ध झारग्राम राजकीय रेलवे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। चालक ने दावा किया कि उन्होंने पहले इंजन के नीचे विस्फोट की आवाज सुनी, फिर धुंआ छा गया और डिब्बे पटरी से उतर गए।
चालक ने कहा कि उन्हें झटका भी महसूस हुआ था और 13 बोगियों के पटरी से उतरने से पहले उन्होंने ब्रेक भी लगाई थी। दास ने कहा कि उसी समय उन्होंने और उनके सहयोगी चालक निरंजन सिंह ने विपरीत दिशा से एक रेलगाड़ी को दूसरे ट्रैक पर आते देखा। उस रेलगाड़ी के चालक द्वारा उसे रोकने की पूरी कोशिश किए जाने के बावजूद वह रेलगाड़ी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस की पटरी से उतर चुकी बोगियों से टकरा गई।
चालक की शिकायत रेलवे अधिनियम की धारा 150 एवं धारा 151 के तहत दर्ज की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications