सोनिया का कश्मीर को प्रगतिशील बनाने में मदद का वादा
जम्मू, 29 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जम्मू एवं कश्मीर को एक प्रगतिशील राज्य बनाने में शनिवार को केंद्र सरकार से पूरी मदद देने की पेशकश की। उन्होंने आतंकवाद से लड़ने में जनजातीय गुर्जर समुदाय की प्रशंसा की।
जम्मू की एक दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचीं गांधी ने 'गुर्जर देश चैरीटेबल ट्रस्ट' द्वारा बनाए गए एक जनजातीय सांस्कृतिक केंद्र का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि उनकी पार्टी और केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार जम्मू एवं कश्मीर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, "हमारी संप्रग सरकार जम्मू एवं कश्मीर को प्रगति के मार्ग पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा और प्रगति के पथ पर अग्रसर होने के लिए इस राज्य को नवीनतम वैज्ञानिक तरीके अपनाने चाहिए और कंप्यूटर इस्तेमाल करने चाहिए।" कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे।
संप्रग सरकार के एक साल पहले शुरू हुए दूसरे कार्यकाल में यह गांधी की पहली जम्मू यात्रा थी।
उन्होंने जम्मू एवं कश्मीर में आतंकवाद से निपटने में गुर्जरों के योगदान की खासतौर पर चर्चा की।
उन्होंने कहा, "राज्य में आतंकवादी गढ़ों को नष्ट करने और आतंकवाद से लड़ने में उनका विशेष योगदान है। वे बहादुरी की दास्तान हैं और राष्ट्र के लिए उनमें गहरी प्रतिबद्धता है।"
जम्मू एवं कश्मीर में पिछले 20 साल से आतंकवाद की स्थिति है और इन आतंकवादी घटनाओं में करीब 50,000 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications