रेल हादसा: मृतकों की संख्या 98 हुई (लीड-1)
झारग्राम (पश्चिम बंगाल), 29 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में गुरुवार देर रात हुए रेल हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या अभी और बढ़ सकती है क्योंकि बचावकर्मियों ने बुरी तरह से क्षतिग्रस्त एक डिब्बे का रुख अब तक नहीं किया है।
इस हादसे के 36 घंटों बाद भी दुर्घटनाग्रस्त ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स एक्सप्रेस के एस 5 कोच में बचावकर्मी नहीं पहुंचे हैं। यह डिब्बा हादसे के बाद न सिर्फ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था बल्कि इसमें आग भी लग गई थी।
राज्य के नागरिक सुरक्षा मंत्री श्रीकुमार मुखर्जी ने यहां संवाददाताओं को बताया, "यह डिब्बा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। मुझे यह कहते हुए बहुत दुख हो रहा है कि इस डिब्बे में किसी में किसी जीवित बचे होने की संभावना बेहद कम है।"
मुखर्जी ने कहा, "अब तक 98 शव बरामद किए जा चुके हैं। एस 5 कोच से शवों को निकाले जाने के बाद मरने वालों की संख्या और ज्यादा हो सकती है।"
राज्य के पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने आईएएनएस को बताया कि हादसे में 167 लोग घायल हुए हैं। मौके पर बचावकर्मी, चिकित्सा दल, रेलवे के अधिकारी, पुलिस कर्मी और अर्धसैनिक बल यहां बचाव कार्य में जुटे हैं। यह हादसा गुरुवार रात लगभग 1.30 बजे हुआ था।
एक बचावकर्मी ने बताया, "शव अब सड़ने शुरू हो गए हैं। हादसे को 36 घंटे से ज्यादा हो गए हैं।"
उल्लेखनीय है कि पश्चिमी मिदनापुर जिले में मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स एक्सप्रेस का इंजन और 12 डिब्बे पटरी से उतर गए और यह रेलगाड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications