रेल हादसा : शवों की शिनाख्त के लिए डीएनए जांच
झारग्राम (पश्चिम बंगाल), 29 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले में हुए रेल हादसे में मारे गए कई लोगों की शिनाख्त कर पाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में अधिकारियों ने शवों को पीड़ित परिवारों को सौंपने से पहले उनकी डीएनए जांच कराने का फैसला किया है।
राहत कार्यो की निगरानी कर रहे राज्य के नागरिक सुरक्षा मंत्री श्रीकुमार मुखर्जी ने बताया कि शनिवार को मिदनापुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शवों के रक्त नमूने लिए जाएंगे। सभी शवों को इसी अस्पताल में रखा गया है।
मुखर्जी ने कहा, "हम रविवार को सभी शवों के नमूनों को कोलकाता की केंद्रीय फारेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) भेजेंगे। "
उधर, दुर्घटना वाले रेल मार्ग पर सेवाएं अब तक बाधित हैं। मंत्री ने कहा कि अब तक बरामद किए गए 98 शवों में से आधे शवों की शिनाख्त कर ली गई है।
मुखर्जी ने उन लोगों से सीएफएसएल में अपने रक्त नमूने देने की अपील की जो अपने दुर्घटनाग्रस्त रेलगाड़ी सवार के अपने परिजनों को ढ़ूढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, "आधे शवों की पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।"
उल्लेखनीय है कि पश्चिमी मिदनापुर जिले में गुरुवार देर रात नक्सलियों द्वारा कथित विस्फोट के कारण मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स एक्सप्रेस का इंजन और 12 डिब्बे पटरी से उतर गए और फिर यह रेलगाड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications