परिजनों के लिए 5 लाख रुपये व गश्त बढ़ाने की घोषणा
घटना स्थल का जायजा लेने पहुंची ममता ने कहा, "हम मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देंगे। मृतकों के परिवारों से एक व्यक्ति को नौकरी दी जाएगी।" उन्होंने प्रत्येक घायल को एक लाख रुपये के मुआवजे और पूरा उपचार कराए जाने का ऐलान किया।
ममता ने कहा, "इस तरह की घटनाओं की वजह से हम रेलवे को बंद नहीं कर सकते। यह जीवन रेखा है। रेलवे के साथ कुछ भी होने से देश के लोग प्रभावित होते हैं। अब हम गश्त बढ़ाएंगे। रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।"
दूसरी ओर ममता ने तमाम कयासों को खारिज करते हुए कहा कि यह घटना बम विस्फोट के कारण हुई है। उन्होंने कहा, "यह घटना बम विस्फोट की वजह से हुई। रेलगाड़ी के पटरी से उतरने की वजह विस्फोट है।"
उल्लेखनीय है कि विस्फोट के कारण हावड़ा-कुर्ला ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स एक्सप्रेस का इंजन और 12 डिब्बे पटरी से उतर गए और फिर यह रेलगाड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में 65 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications