शरीर से अलग हुईं जुड़वां बहनें लौटेंगी घर
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। चौदह घंटों के मैराथन आपरेशन के बाद शरीर से अलग की गईं जुड़वां बहनें शनिवार को बिहार स्थित अपने घर लौट जाएंगी। शरीर से जुड़ीं (साइमीज) जुड़वां बहनों सीता और गीता को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
एक चिकित्सक ने शुक्रवार को बताया कि एक माह से अधिक समय तक उपचार के बाद दोनों बहनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
बत्रा अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक संजीव बगाई ने बताया कि दोनों बच्चियों का स्वास्थ्य अब बेहतर है। उन्हें शनिवार को छुट्टी दे दी जाएगी।
दोनों की रीढ़ में हल्की सिकुड़न रहने के बारे में उन्होंने बताया कि कुछ वर्षो में यह स्वत: ठीक हो जाएगी। इसके लिए अलग से उपचार की जरूरत नहीं है।
मालूम हो कि 5 अप्रैल को 27 चिकित्सकों की टीम ने शरीर से जुड़ीं 18 माह की दो बच्चियों को आपरेशन के बाद अलग किया था। वर्ष के अंत में दोनों बच्चियों को रुटीन चेकअप के लिए फिर दिल्ली लाया जाएगा।
जुड़वां बहनों में जन्मजात असामान्यताएं थीं। उनकी कमर और पैर जुड़े हुए थे और उनका प्रजनन, उत्सर्जन व आहार तंत्र एक ही था।
साइमीज जुड़वां बहुत दुर्लभ होते हैं और बहुत कम ही शल्य चिकित्सा की अवस्था तक पहुंचने तक जीवित रह पाते हैं। कई अंतर्राष्ट्रीय केंद्रों में शल्य चिकित्सा द्वारा अलग किए गए साइमीज जुड़वांओं के मामले में मिली दीर्घकालिक सफलता का प्रतिशत 50 से भी कम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications