राष्ट्रपति को कोटनिस स्मारक के उद्घाटन हेतु निमंत्रण
कविता बाजेली-दत्ता
बीजिंग, 28 मई (आईएएनएस)। वर्ष 1930 के दशक में चीन-जापान युद्ध के दौरान चिकित्सकीय सहायता मुहैया कराने वाले भारतीय चिकित्सक, डॉ.द्वारकानाथ कोटनिस की बहन वत्सला कोटनिस ने शुक्रवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से यहां मुलाकात की और अपने गृह राज्य, महाराष्ट्र में अपने भाई के नाम पर एक स्मारक का उद्घाटन करने के लिए उन्हें निमंत्रण दिया।
स्त्री रोग विशेषज्ञ वत्सला कोटनिस ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति से कहा कि उन्हें अपने भाई की स्मृति में उसकी 100वीं जयंती पर 10 अक्टूबर को शोलापुर में एक संग्रहालय का उद्घाटन करना है।
डॉ.कोटनिस उन पांच भारतीय चिकित्सकों में से एक थे जो, चीन-जापान युद्ध के दौरान चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए चीन गए थे। डॉ.कोटनिस को आज भी चीन में आदर के साथ याद किया जाता है।
डॉ.कोटनिस अपने समर्पण और लगन के लिए तो जाने जाते ही हैं, उन्हें चीन-भारत मित्रता के एक प्रतीक के रूप में भी जाना जाता है।
वत्सला कोटनिस ने आईएएनएस से कहा, "मैंने राष्ट्रपति से मुलाकात की और उन्हें शोलापुर आने और संग्रहालय का उद्घाटन करने का निमंत्रण दिया। राष्ट्रपति ने डॉ.कोटनिस के बारे में बहुत सारी बातें पूछीं और मैंने उन्हें एक फोटो अल्बम दिया।"
वत्सला कोटनिस यहां फ्रेंड्स ऑफ इंडिया इन चाइना और चाइनीज एसोसिएशन फॉर फ्रेंडशिप विद फॉरेन कंट्रीज द्वारा आयोजित एक बैठक में हिस्सा लेने आई हुई हैं। उनके साथ उनकी बहन की बेटी सरिता हट्टगड़ी भी हैं। हट्टगड़ी भी स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं।
वत्सला ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। हमें आशा है कि राष्ट्रपति संग्रहालय का उद्घाटन करने जरूर पहुंचेंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications