सीबीएसई 10वीं के नतीजे : कुछ खुश तो कुछ निराश
आर.के. पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा तान्या मक्कड़ कहती हैं, "मुझे सभी विषयों में ए1 ग्रेड मिला है। ग्रेडिंग प्रणाली अच्छी है। यह तनाव मुक्त करने जैसा है क्योंकि इससे एक या दो अंक के लिए बनने वाला दबाव दूर हुआ है। अब आधे अंक के लिए कोई चीख-पुकार नहीं होगी।"
इस साल 886,338 छात्रों ने सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षा दी। इनमें से 364,231 लड़कियां थीं।
इस बार नतीजे प्रतिशत में घोषित किए जाने की बजाए ग्रेड्स में घोषित किए गए हैं। छात्रों को नौ अंकों के एक पैमाने के आधार पर विभिन्न ग्रेड्स (श्रेणियों) में रखा गया है। इसमें ए1 से लेकर डी तक की ग्रेड्स हैं। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर ए1 ग्रेड, असंतोषजनक प्रदर्शन पर ई2 ग्रेड दिया गया है जबकि न्यूनतम अंकों से परीक्षा में सफल छात्रों को डी ग्रेड मिला है।
जिन छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए डी या इससे ऊपर के ग्रेड प्राप्त किए हैं उन्हें योग्यता प्रमाण-पत्र दिए गए हैं।
91 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वालों को ए1 श्रेणी में रखा गया है। इसी तरह बी1 में 81 से 90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले हैं। डी में 33 से 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले और ई1 व ई2 में 33 प्रतिशत से कम अंक हासिल करने वालों को रखा गया है।
आर.के. पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डी.आर. सैनी का कहना है, "मैं नतीजों से खुश हूं। ग्रेडिंग प्रणाली अच्छी है क्योंकि अब बच्चों के बीच स्वस्थ प्रतियोगिता होगी। 91 और 100 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्र एक ही श्रेणी में होंगे इसलिए यह हर किसी के लिए जीत की स्थिति होगी।"
पूर्वी दिल्ली के समरविली स्कूल की छात्रा अंकिता मेहरा ने कहा, "मुझे लगभग 80 प्रतिशत अंक मिले हैं और मैं अपने परिणामों से बहुत खुश हूं। ग्रेडिंग प्रणाली उतनी जटिल नहीं है जितना कि मैं डर रही थी। इसमें प्रतिशत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।"
यद्यपि एक अन्य स्कूल की छात्रा श्रुति सेठ ने ग्रेडिंग प्रणाली के प्रति अप्रसन्नता जाहिर की।
उन्होंने कहा, "अंग्रेजी मेरा पसंदीदा विषय है। मैं अपनी कक्षा में इस विषय में हमेशा टॉप करती थी। मैं अपने परिणामों से असंतुष्ट हूं, मुझे अंग्रेजी में बी ग्रेड मिला है। मुझे नहीं पता कि वास्तव में मुझे कितने अंक मिले हैं, मैं भ्रमित हूं।"
84 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली एक अन्य छात्रा ऐश्वर्या कुशारी ने भी ग्रेडिंग प्रणाली के प्रति अप्रसन्नता जाहिर की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications