हिमाचल प्रदेश में बारिश, खुश हुए पर्यटक
मध्यम व ऊंचे पहाड़ों में बसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में से ज्यादातर में शुक्रवार की सुबह अच्छी बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को असामान्य रूप से बढ़े तापमान से राहत मिली है।
मौसम विज्ञान कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस से कहा, "शिमला और उसके आस-पास के इलाकों के लंबे समय तक शुष्क रहने के बाद शुक्रवार को अच्छी वर्षा और ओलावृष्टि हुई है। यह इस पूरे मौसम की इस पूरे जिले में पहली सबसे अच्छी बारिश थी।"
उन्होंने कहा कि अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे कसौली, मनाली, पालमपुर, धर्मशाला, चांबा और डलहौजी में भी बारिश होने की उम्मीद है।
सिंह ने कहा, "सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के चलते राज्य में शुक्रवार को ही और बारिश होने की संभावना है।"
मौसम विज्ञान कार्यालय के मुताबिक शुक्रवार को राज्यभर के अधिकतम तापमान के पांच से छह डिग्री गिरने की संभावना है।
शिमला में गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह वर्ष 2004 से अब तक का शिमला का सबसे गर्म दिन था।
मंडी जिले के सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री, कुल्लू जिले के भुंतार में 38.6, कांगड़ा जिले के धर्मशाला में 38.2 और किन्नूर जिले के काल्पा में 25 डिग्री दर्ज किया गया।
यद्यपि शिमला में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यहां का तापमान 21.2 डिग्री था। काल्पा में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रहा जबकि गुरुवार को यह 10 डिग्री था।
पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस सप्ताहांत में राज्य के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर 50,000 से अधिक पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के महाप्रबंधक योगेश बहल कहते हैं, "हम उम्मीद करते हैं कि अच्छी बारिश सप्ताहांत में और भी अधिक पर्यटकों को आकर्षित करेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications