बाढ़ से बचाव की तैयारी में जुटा आपदा प्रबंधन विभाग
पटना, 28 मई (आईएएनएस)। बिहार में मानसून आने में भले ही अभी समय हो परंतु राज्य सरकार ने संभावित बाढ़ की स्थिति में कम से कम नुकसान हो इसके लिए प्रयत्न प्रारंभ कर दिए हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को कई तरह के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक बाढ़ प्रभावित राज्य के 28 जिलों में 30-30 गोताखोरों और शेष जिलों में 10-10 गोताखोरों के दल गठित किए जा रहे हैं। इसमें पुलिस, होमगार्ड तथा मल्लाहों को शामिल किया जा रहा है।
इसके अलावा सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित 15 जिलों के प्रत्येक प्रखंड में 10-10 मास्टर्स ट्रेनर तैयार किए जाएंगे जिन्हें नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) के जवानों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ब्यास जी ने शुक्रवार को बताया कि सरकार का जोर इस बात पर है कि यह सभी प्रशिक्षण बाढ़ आने से पहले पूरा कर लिया जाए, ताकि बाढ़ के समय प्रशिक्षित लोगों की मदद ली जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार एनडीआरएफ की तर्ज पर राज्य डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) भी गठित करने पर विचार कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications