2 साल का 'चेन स्मोकर' आर्दी रिजाल
लंदन। आर्दी रिजाल की उम्र केवल दो वर्ष है लेकिन उसे 'चेन स्मोकर' का तमगा मिल चुका है। इंडोनेशिया के मछुआरों के गांव मूसी बेन्यूआसिन का रहने वाला रिजाल एक दिन में कम से कम 40 सिगरेट पीता है। वेबसाइट 'द सन डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक जब रिजाल केवल 18 महीने का था तब उसके पिता ने उसे सिगरेट का एक कश लगवाया था तभी से वह धूम्रपान का आदी हो गया है। उसका वजन 25 किलोग्राम से ज्यादा है और उसके लिए अन्य बच्चों की तरह दौड़ना-खेलना असंभव है।
रिजाल की मां डायना कहती हैं, "वह पूरी तरह धूम्रपान का आदी हो गया है। अगर उसे सिगरेट नहीं मिलती हैं तो वह नाराज हो जाता है, चीखने लगता है और दीवारों से सिर पीटने लगता है। वह मुझसे कहता है कि उसे चक्कर आते हैं और वह खुद को बीमार महसूस करता है।" रिजाल एक खास ब्रांड की सिगरेट पीता है और उसके माता-पिता को उसकी इस लत पर प्रतिदिन पांच डॉलर से अधिक राशि खर्च करना पड़ती है।
गांव के अधिकारियों ने परिवार के सामने प्रस्ताव रखा है कि यदि उनका बेटा सिगरेट पीने की आदत छोड़ दे तो वे उन्हें उपहार में एक कार देंगे। यद्यपि रिजाल के मछुआरे पिता मोहम्मद को अपने बेटे की इस आदत पर कोई ऐतराज नहीं है और वह कहते हैं उनका बेटा स्वस्थ है।













Click it and Unblock the Notifications