उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। देश के उत्तरी भागों में पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। राजस्थान के श्रीगंगगानगर में अधिकतम तापमान 49.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, झारखंड और उत्तरी मध्यप्रदेश में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों में पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमोत्तर भारत को गर्मी से कुछ राहत दे सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही लक्ष्यद्वीप, केरल और दक्षिण कर्नाटक में बारिश तेज होने की आशंका व्यक्त की है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल में आंधी आने के आसार हैं।

केरल, लक्ष्यद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप के अलावा तटीय कर्नाटक में तेज बारिश का अनुमान है। उत्तर भारत में जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों में बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के हिमालयी इलाकों और सिक्किम में भी तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले 24 घंटों में बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत और इससे सटे हुए मध्य भारत के इलाकों समेत पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में अगले दो-तीन दिन में अधिकतम तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।

दिल्ली में गुरुवार को भी तपिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं क्योंकि यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार व्यक्त किए गए हैं।

आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं जो औसत से चार डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को धूल भरी आंधी आने की संभावना है।"

दिल्ली में बुधवार का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में लगातार चढ़ते पारे और लू के कहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। राज्य में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया।

बुधवार शाम को वाराणसी, इलाहाबाद और मिर्जापुर सहित कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हुई बारिश का भी अधिकतम तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक वाराणसी में सबसे ज्यादा 2.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

पिछले 24 घंटों के दौरान बुंदेलखंड क्षेत्र का झांसी, राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था।

इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 42.2 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 40.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 40.9 डिग्री सेल्सियस और लखनऊ का 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू और गर्मी से राहत की संभावना से इंकार किया है।

मध्य प्रदेश में लू के थपेड़ों के साथ बढ़ी उमस ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में खजुराहो सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।

मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय का पूर्वानुमान है कि ग्वालियर और चम्बल संभाग में आने वाले समय में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रदेश में तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है।

भोपाल मे अधिकतम तापमान 42़ 6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 40़ 1 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर 45़ 8 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 43़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना सहित बिहार के अन्य क्षेत्रों में चिलचिलाती धूप ने एक बार फिर गर्मी बढ़ा दी है। वैसे अधिकतम तापमान में ज्यादा वृद्घि नहीं हुई है परंतु न्यूनतम तापमान में वृद्घि के कारण लोग सुबह से ही गर्मी महसूस कर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में पटना का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, पटना में गुरूवार को न्यूनतम तापमान 27़ 8 डिग्री सेल्सियस, गया में 24़ 8 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर में 25़ 8 डिग्री सेल्सियस तथा पूर्णिया में 24़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने गुरूवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान हल्के बादल छाने के आसार हैं परंतु राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर तक आसमान साफ रहेगा जिस कारण लोग गर्मी महसूस करेंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+