पुलिस उत्पीड़न मामला : दूसरी बहन ने भी दम तोड़ा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को विश्वनाथ कालोनी में रहने वाली दो बहनों अनीता और बबीता (परिवर्तित नाम) ने जहर खा लिया था। छोटी बहन की बुधवार को ही मृत्यु हो गई थी जबकि बड़ी बहन की झांसी में उपचार के दौरान मौत हो गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी के अनुसार कथित तौर पर लड़कियों को प्रताड़ित करने के आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों कन्हैया लाल और अरविंद पटेल को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। पुलिस ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला भी दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि अनीता अपने पुरुष मित्र के साथ एक रिहायशी कॉलोनी में घूम रही थी, तभी दो पुलिसकर्मियों कन्हैया और अरविंद ने कथित तौर पर पुरुष मित्र को धमका कर भगा दिया और अनिता का अश्लील वीडियो बना लिया। इतना ही नहीं इसके बाद उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। इसकी शिकायत उसने पुलिस से की, जिस पर दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह दो अन्य पुलिसकर्मियों ने पीड़ित लड़की के घर पहुंचकर उन्हें धमकाया था। इससे पीड़ित युवती और उसकी छोटी बहन घबरा गईं और दोनों बहनों ने जहर खा लिया, उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान एक बहन की मौत हो गई थी। दूसरी बहन ने भी गुरुवार को दम तोड़ दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications