हड़ताल खत्म पर स्थिति सामान्य नहीं (लीड-1)
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। विमानन कंपनी एयर इंडिया के हजारों कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बावजूद स्थिति अब तक सामान्य नहीं हुई है। एयर इंडिया का कहना है कि उड़ानों के नियमित होने में अभी दो दिन का वक्त लगेगा।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया कि 78 उड़ानों को गुरुवार को व्यवस्थित किया गया और अन्य उड़ानों को सामान्य बनाने में अगले दो दिन का समय लगेगा
प्रवक्ता ने कहा, "नई दिल्ली और कोलकाता से जाने वाली कुछ उड़ानें गुरुवार सुबह रद्द की गईं परंतु मुंबई से हम सभी उड़ानों का संचालन करने में कामयाब रहे हैं। अहमदाबाद से तड़के की उड़ाने संचालित नहीं की गईं।"
एयर इंडिया प्रबंधन का कहना है कि हड़ताल की वजह से 100 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं जिस कारण न सिर्फ 13,000 यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी बल्कि कंपनी को भी 12 करोड़ रुपये की चपत लगी।
दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद बुधवार शाम हड़ताली कर्मचारियों के संगठन ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की थी। प्रबंधन ने हड़ताली यूनियन के 15 नेताओं को बर्खास्त कर दिया है। इसके अलावा 17 अन्य को निलंबित कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को एयर इंडिया के 15,000 से अधिक कर्मचारी वेतन मिलने में देरी और मीडिया से बात करने पर रोक लगाए जाने पर विरोध जताते हुए हड़ताल पर चले गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications