उत्तर भारत भीषण गर्मी के शिकंजे में (राउंडअप)
देश में गुरुवार को सबसे अधिक गर्म स्थान राजस्थान का श्रीगंगगानगर रहा, जहां अधिकतम तापमान 49.3 डिग्री दर्ज किया गया।
भारत के चार महानगरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में गुरुवार को अधिकमत तापमान क्रमश: 45.2, 35, 37.4 और 40.5 डिग्री दर्ज किया गया।
उधर, गुवाहाटी, शिलांग, चेरापूंजी और तिरुवंनतपुरम में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश हुई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक केरल, लक्ष्यद्वीप, अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह और कर्नाटक के तटीय हिस्सों में छिटपुट वर्षा होने की संभावना है।
इधर, जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं और गरज के साथ बूंदाबांदी होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में लगातार चढ़ते पारे और लू के कहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। राज्य में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान बुंदेलखंड क्षेत्र का झांसी, राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था।
इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 42.2 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 40.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 40.9 डिग्री सेल्सियस और लखनऊ का 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू और गर्मी से राहत की संभावना से इंकार किया है।
मध्य प्रदेश में लू के थपेड़ों के साथ बढ़ी उमस ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में खजुराहो सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय का पूर्वानुमान है कि ग्वालियर और चम्बल संभाग में आने वाले समय में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रदेश में तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है।
भोपाल मे अधिकतम तापमान 42़ 6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 40़ 1 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर 45़ 8 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 43़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना सहित बिहार के अन्य क्षेत्रों में चिलचिलाती धूप ने एक बार फिर गर्मी बढ़ा दी है। वैसे अधिकतम तापमान में ज्यादा वृद्घि नहीं हुई है, परंतु न्यूनतम तापमान में वृद्घि के कारण लोग सुबह से ही गर्मी महसूस कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में पटना का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 27़ 8 डिग्री सेल्सियस, गया में 24़ 8 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर में 25़ 8 डिग्री सेल्सियस तथा पूर्णिया में 24़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने गुरुवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान हल्के बादल छाने के आसार हैं परंतु राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर तक आसमान साफ रहेगा जिस कारण लोग गर्मी महसूस करेंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की उम्मीद है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बंगाल, झारखण्ड और उड़ीसा में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है, वहीं दिल्ली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और राजस्थान में अगले दो से तीन दिनों तक धूल भरी हवाओं का रुख कायम रहेगा।
पूर्वोत्तर और उससे सटे इलाकों, पश्चिमी और मध्य भारत के हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमोत्तर भारत को गर्मी से कुछ राहत दे सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बंगाल, झारखण्ड, उड़ीसा में अगले 48 घंटों में गरज के बारिश की चेतावनी दी गई है। साथ ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा,उत्तराखण्ड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों में गरज के साथ बूंदाबांदी की संभावना भी व्यक्त की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications