पुलिस उत्पीड़न मामला : थाना प्रभारी निलंबित, जांच शुरू (लीड-1)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को विश्वनाथ कालोनी में रहने वाली दो बहनों अनीता और बबीता (परिवर्तित नाम) ने जहर खा लिया था। छोटी बहन की बुधवार को ही उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी जबकि बड़ी बहन की झांसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिसकर्मियों द्वारा बड़ी बहन का एमएमएस बनाने के बाद ब्लैकमेल किए जाने से दोनों बहनें परेशान थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी के अनुसार कथित तौर पर लड़कियों को प्रताड़ित करने के आरोपी दोनों पुलिस कर्मियों कन्हैया लाल और अरविंद पटेल को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। पुलिस ने दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर कन्हैया लाल को गिरफ्तार कर लिया है।
सागर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अन्वेष मंगलम ने बताया कि दोनों बहनों को धमकाने वाले अन्य पुलिस कर्मियों प्रवीण त्रिपाठी और अशोक के अलावा ओरछा थाने के प्रभारी के के खनेजा को निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर अप्रसन्नता व्यक्त की है और गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता व पुलिस महानिरीक्षक एस.के. राउत को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देष पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता आर. सी. अरोड़ा व पुलिस महानिरीक्षक गुप्तवार्ता के.एन. तिवारी को जांच के लिए छतरपुर भेजा गया है।
मालूम हो कि अनीता अपने पुरुष मित्र के साथ एक रिहायशी कालोनी में घूम रही थी, तभी दो पुलिस कर्मियों कन्हैया लाल तथा अरविंद पटेल ने कथित तौर पर पुरुष मित्र को धमका कर भगा दिया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इतना ही नहीं इसके बाद उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। इसकी शिकायत उसने पुलिस से की, जिस पर दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
पड़ोसियों का आरोप है कि बुधवार की सुबह दो अन्य पुलिसकर्मियों ने पीड़ित लड़की के घर पहुंचकर धमकाया था। इससे पीड़ित युवती और उसकी छोटी बहन घबरा गई। उन्होंने अपनी दास्तान पड़ोसी को भी सुनाई और दोनों बहनों ने जहर खा लिया, उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां अस्पताल लाते ही एक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरी की मौत झांसी में उपचार के दौरान हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications