ब्राजील में रेडियो साक्षात्कार के दौरान पुलिस कमांडर की हत्या
रियो डी जनेरियो, 27 मई (आईएएनएस)। ब्राजील के पूर्वोत्तर राज्य बाहिया में बुधवार को अपनी कार से मोबाइल के जरिए रेडियो साक्षात्कार दे रहे एक पुलिस कमांडर की हत्या कर दी गई। इस साक्षात्कार का सीधा प्रसारण किया जा रहा था।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि अचानक गोलियां चलने की आवाजें आने और कमांडर की पत्नी द्वारा मदद के लिए पुकारने पर साक्षात्कार बाधित हो गया। साक्षात्कारकर्ता ने श्रोताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अवश्य ही कोई गंभीर घटना हुई है और कुछ देर बाद ही रेडियो पर कमांडर की हत्या की पुष्टि की गई।
कमांडर क्लेटोन लियाओ बाहिया के बड़े शहरों में से एक कैमैकैरी के प्रमुख थे। वह नशीले पदार्थो की तस्करी करने वाले समूहों की जांच के प्रभारी थे।
जब एक महिला की चीखों से साक्षात्कार बाधित हुआ उस समय लियाओ लीडर एफएम रेडियो से नशीले पदार्थो की तस्करी के एक मामले में चर्चा कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि लियाओ अपनी कार को सड़क किनारे खड़ा करके साक्षात्कार दे रहे थे तभी उनका पीछा करते हुए एक अन्य वाहन से वहां पहुंचे दो लोगों ने उनकी हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि उसे हत्या के मकसद और हत्यारों के विषय में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications