उत्तर में आंधी, पूर्वोत्तर में बारिश के आसार
उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में लू और तपिश से लोग बेहाल हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्से लू के थपेड़ों से बुरी तरह प्रभावित हैं। इसी तरह विदर्भ, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में भी तपिश और लू ने लोगों को बेचैन कर रखा है।
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने कहा कि गर्मी और लू के प्रकोप से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वाचल के साथ ही मध्य उत्तर प्रदेश के इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
बिहार के कुछ हिस्सों में पिछले चौबीस घंटे के दौरान हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आई है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने मंगलवार को बताया कि यह मानसून आने के पहले का समय है। ऐसे समय में बारिश होना आम बात है। मानसून आने तक आंधी-पानी का दौर भी जारी रहेगा। उन्होंने संभावना व्यक्त की है कि जून के मध्य तक राज्य में मानसून आ सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों के दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के दूरवर्ती हिस्सों में लू का प्रकोप बना रहेगा। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications