हिजबुल्ला की इजरायली जहाजों को निशाना बनाने की धमकी
हिजबुल प्रमुख हसन नसरल्लाह ने मंगलवार को एक बैठक के बाद कहा, "यदि इजरायल भविष्य में हमारे तटों और बंदरगाहों पर नाकाबंदी करता है तो फिलीस्तीन की ओर बढ़ने वाले सभी सैन्य, असैन्य और वाणिज्यिक जहाजों को रॉकेटों से निशाना बनाया जाएगा।"
नसरल्लाह उन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे जिनमें कहा गया था कि वर्ष 2010 में लेबनान में सैनिक कार्रवाई की योजना है। इस योजना पर चर्चा वर्ष 2009 में फ्रांस, अमेरिका और इजरायली सैनिक अधिकारियों के बीच हुई बैठक में हुई थी।
वर्ष 2006 में लेबनान के साथ 34 दिनों तक चले सघर्ष में इजरायल ने हिजबुल्ला तक सैन्य सामग्रियों की आपूर्ति रोकने के लिए समुद्र की नाकाबंदी कर दी थी। इस लड़ाई में करीब 1,200 लेबनानी नागरिकों और 160 इजरायली सैनिकों की मौत हो गई थी। इस दौरान हिजबुल्ला ने 4,000 से अधिक रॉकेट इजरायल पर दागे थे।
नसरल्लाह ने कहा, " हम, फिलीस्तीनी बंदरगाह की ओर जाने वाले किसी भी इजरायली जहाज को तबाह करने में सक्षम हैं। यदि नाकाबंदी की गई तो हम युद्ध शुरू कर देंगे।"
वहीं, इजरायल ने अपने क्षेत्र में मिसाइल हमले की आशंका को देखते हुए पांच दिनों का राष्ट्रव्यापी सैनिक अभ्यास शुरू कर दिया है।
प्रमुख संस्था कौंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस के अनुसार हिजबुल्ला की स्थापना वर्ष 1982 में लेबनान में इजरायली हमले के मद्देनजर की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications