साउथ इंडियन बैंक ने शेयर विभाजन किया
त्रिशूर, 26 मई (आईएएनएस)। केरल स्थित साउथ इंडियन बैंक ने अपने एक शेयर को 10 भागों में विभाजित करने की घोषणा की है। बैंक ने खुदरा निवेशकों की संख्या बढ़ाने और इसे ज्यादा लोगों की पहुंच में लाने के लिए ऐसा किया है।
बैंक के कार्यकारी निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी वी. ए. जोसेफ ने कहा कि बैंक के निदेशक मंडल ने 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले बैंक के सभी शेयरों को एक रुपये की अंकित कीमत के 10 शेयरों में विभाजित करने की घोषणा की है।
जोसेफ ने कहा, "कंपनी के शेयर को छोटे निवेशकों की पहुंच में लाने के लिए शेयर विभाजन का निर्णय लिया गया है साथ ही इससे खुदरा निवेशकों की संख्या बढ़ेगी और अप्रवासी भारतीयों समेत छोटे निवेशक आकर्षित होंगे।"
उन्होंने कहा कि बोर्ड के निर्णय पर शेयरधारकों और नियामक संस्थाओं से अनुमति ली जाएगी।
कंपनी के 11.30 करोड़ शेयरों की कुल कीमत 113.01 करोड़ रुपये है। शेयर विभाजन के बाद शेयरों की संख्या 113 करोड़ हो जाएगी।
81 साल से चल रहे इस बैंक ने 2009-10 में 233.76 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है।
बैंक ने इस साल शेयर धारकों को 4 रुपये प्रति शेयर का लाभांश दिया है जबकि पिछले साल यह लाभांश 3 रुपये प्रति शेयर था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications