मप्र में उच्च शिक्षा में सालाना 40 हजार विद्यार्थी बढ़ेंगे
भोपाल, 26 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में शासकीय महाविद्यालयों में हर वर्ष 40 हजार विद्यार्थी बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस तरह आगामी तीन वषरें में एक लाख 20 हजार विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी। ऐसा होने से नामांकन दर 12.5 प्रतिशत से बढकर 15.5 प्रतिशत हो जाएगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने की संक्षिप्त कार्ययोजना तैयार कर विभाग के प्रमुख सचिव ने तकनीकी शिक्षा, कृषि एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेज दी है। साथ ही इन विभागों से अनुरोध किया गया है कि वे विस्तृत कार्ययोजना बनाकर भेजें ताकि एकरूपता वाली कार्ययोजना तैयार करने की कार्रवाई इसी अकादमिक सत्र में शुरू की जा सके।
नामांकन दर बढ़ाने की प्रस्तावित कार्ययोजना के अनुसार वर्ष 2010-11 में नामांकन संख्या छह लाख 90 हजार, वर्ष 2011-12 में सात लाख 30 हजार और वर्ष 2011-12 में सात लाख 70 हजार करने का लक्ष्य तय किया गया है। प्रस्तावित कार्य योजना के मुताबिक उच्च शिक्षा मे 25 हजार और हायर सैकेंड्री के बाद संचालित डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में 15 हजार विद्यार्थी बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने तय किया है कि जिन शासकीय महाविद्यालयों में 1000 से कम विद्यार्थी हैं वहां अतिरिक्त स्व-वित्तीय पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों की संख्या में इजाफा हो सके। इतना ही नहीं प्रदेश में अधिक से अधिक निजी विश्वविद्यालय, निजी महाविद्यालय और शासकीय महाविद्यालय खोले जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications