एयर इंडिया प्रबंधन का बातचीत का प्रस्ताव, यात्री बेहाल (लीड-2)
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। विमानन कंपनी एयर इंडिया के कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से बुधवार को हजारों यात्री बेहाल दिखे। दूसरी ओर से एयर इंडिया प्रबंधन ने हड़ताली कर्मचारियों से बातचीत की पेशकश की है।
'एयर कारपोरेशन इम्पलाइज यूनियन' (एसीईयू) के महासचिव जे. बी. कदियन ने कहा, "हमें प्रबंधन ने बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। हम बातचीत करने जा रहे हैं। हम मुख्य श्रम आयोग से भी मिलेंगे और अपनी मांगों को उनके सामने रखेंगे।"
प्रबंधन और हड़ताली कर्मचारियों के बीच बातचीत दोपहर तीन बजे होनी है। इससे पहले कंपनी को लगभग 80 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा। कदियन ने कहा, "मीडिया से बात करना हमारा अधिकार है। प्रबंधन हम पर बंदिश नहीं लगा सकता।"
हड़ताल का सबसे ज्यादा असर मुंबई और दिल्ली के हवाई अड्डों पर देखा गया। यहां सैकड़ों मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देश के अन्य शहरों में भी विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से जाने वाली 24 और मुंबई से जाने वाली 37 उड़ानों को रद्द किया गया। इसके अलावा कोलकाता से जाने वाली सात उड़ानों को रद्द करना पड़ा है।
अधिकारी ने कहा, "दिल्ली से दुबई, मस्कट, अबू धाबी, बैंकॉक एवं देश के अन्य शहरों मुंबई, लेह, अहमदाबाद, पटना, श्रीनगर और हैदराबाद को जानी वाली कई उड़ानों को रद्द किया गया है।"
हड़ताल की वजह से यात्री बेहद परेशान दिखे। हांगकांग जाने की तैयारी में हवाई अड्डे पहुंची शारदा गुप्ता ने आईएएनएस से कहा, "मेरी उड़ान मंगलवार रात 11 बजे की थी और मैं आठ बजे ही पहुंच गई थी। मुझे हड़ताल के बारे में पता नहीं था। हवाई अड्डे के कर्मचारियों ने भी हमारा सहयोग नहीं किया। हमें उड़ान रद्द किए जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।"
एक अन्य यात्री सुनंदा कुमार को भी खासी दिक्कत हुई। उन्होंने कहा, "मुझे हड़ताल की जानकारी थी लेकिन उम्मीद थी कि उड़ान रद्द नहीं होगी। परंतु जब मैं हवाई अड्डे पहुंची तो बताया गया कि उड़ान रद्द हो चुकी है।"
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को एयर इंडिया के 15,000 से अधिक कर्मचारी वेतन मिलने में देरी और मीडिया से बात करने पर रोक लगाए जाने पर विरोध जताते हुए हड़ताल पर चले गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications