गोवा विस्फोट : सनातन सदस्यों ने ली थी गूगल की मदद
पणजी, 26 मई (आईएएनएस)। गोवा में पिछले साल दीपावली की पूर्व संध्या पर हुए विस्फोट के आरोपी दक्षिणपंथी संगठन सनातन संस्था के सदस्यों ने इस घटना में इस्तेमाल देसी बम को बनाने के लिए गूगल का सहारा लिया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों ने एक स्थानीय अदालत में पिछले सप्ताह आरोप पत्र दाखिल किया। इसमें कहा गया है, "आरोपी धनंजय आस्थेकर ने देसी बम मनाने का पूरा खाका गूगल सर्च इंजन के जरिए डाउनलोड किया था।"
आरोप पत्र में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है और ये सभी सनातन के सदस्य हैं। एनआईए के अधिकारियों ने कहा है कि महाराष्ट्र के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई करने वाले आस्थेकर ने विस्फोट की साजिश में तकनीकी पहलू की जिम्मेदारी संभाले हुए था और उसने ही बम बनाने के सभी साजो-सामान एकत्रित किए थे।
उल्लेखनीय है कि गोवा में 16 अक्टूबर, 2009 को एक स्कूटर में विस्फोट हुआ था और इस पर सवार सनानत के दो सदस्य मारे गए थे। बाद में पता चला कि ये लोग विस्फोटक कहीं और ले जा रहे थे लेकिन अचानक रास्ते में ही विस्फोट हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications