भारत-पाक में अविश्वास खत्म होने में लगेगा वक्त : अमेरिका
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता पी. जे. क्राउली ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच विश्वास की जिस कमी का उल्लेख आप लोगों ने किया है, उसके बारे में मेरा मानना है कि दोनों की ओर से कड़ी मेहनत करनी होगी और इसके बाद ही संबंधों में सुधार हो सकेगा।"
भारत-पाकिस्तान और अमेरिका-पाकिस्तान के बीच विश्वास की कमी संबंधी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर क्राउली ने कहा, "अमेरिका भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता का समर्थन करता है। हमने पहले भी कई बार कहा है कि संबंधों में सुधार में अभी वक्त लगेगा लेकिन दोनों के बीच परस्पर उच्च स्तरीय वार्ता के प्रति प्रतिबद्धता सही दिशा में है।"
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा और अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के बीच होने वाली भारत-अमेरिकारणनीतिक वार्ता के संदर्भ में प्रवक्ता ने कहा कि इस वार्ता में कई कार्य समूह हिस्सा लेंगे। इसमें पर्यावरण, आर्थिक मसले, आतंकवाद से जुड़े मुद्दे और क्षेत्रीय सुरक्षा का मसला अहम होगा।
रणनीतिक वार्ता की अध्यक्षता कृष्णा और क्लिंटन दोनों करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications