अलीगढ़ में मिलावटी खाद्यान्न, दूषित जल से 15 मौतें
ये मौतें जिले के द्रोनीपुर, लोधा और गबाना विकास खंडो के गावों में हुई हैं। मौतों से जिले में हड़कंप मच गया है। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में स्वच्छता अभियान और मिलावटी खाद्य पदार्थो की बिक्री के खिलाफ जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) उमाकांत गुप्ता ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर चिकित्सकों की टीमों का गठन कर प्रभावित इलाकों में भेज दिया गया है।
गुप्ता ने कहा, "घटिया चीजों से बनाई गई आइसक्रीम और चाट तथा दूषित जल की आपूर्ति मुख्य रूप से विभिन्न गांवों में हुई इन मौतों के लिए जिम्मेदार है। मैं व्यक्तिगत तौर पर प्रभावित गांवों का दौरा करके स्थिति का जायजा लूंगा।"
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अगर जल्द ही पर्यप्त उपाय नहीं किए गये तो स्थिति और खतरनाक हो जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जिन गांवों में मौतें हुई हैं, वहां पर जलभराव, गंदगी और कचरे का जमाव के निस्तारण की भी समुचित व्यवस्था नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications