ईरान-तुर्की परमाणु समझौते से भरोसा बहाली संभव : यूएन
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मून ने न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "यदि अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) इसे स्वीकार और लागू करती है तो यह विश्वास निर्माण के एक महत्वपूर्ण उपाय के तौर पर काम कर सकता है और ईरान के परमाणु मुद्दे को वार्ता के माध्यम से हल करने के दरवाजे खोल सकता है।"
मून ने कहा कि वह ईरान से परमाणु कार्यक्रम के बारे में अधिक पारदर्शिता दिखाने को लगातार कहते रहे हैं। ईरान का आईएईए के साथ पूर्ण सहयोग और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का पूरा अनुपालन करना महत्वपूर्ण है।
ईरान के परमाणु प्राधिकरण के अली-अकबर सालेही ने आईएईए के महानिदेशक युकिया अमानो को सोमवार को एक पत्र भेजकर परमाणु-ईंधन समझौते के बारे में सूचना दी। पत्र में कहा गया कि ईरान कम संवर्धित यूरेनियम तुर्की को भेजेगा और चिकित्सकीय उपयोग के लिए अधिक संवर्धित यूरेनियम का आयात करेगा।
मून ने कहा कि उन्होंने सप्ताहांत में तुर्की के प्रधानमंत्री रेशेप तैयप इरोदगन से इस्तांबुल में मुलाकात की और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अंतर्राष्ट्रीय तनाव को हल करने के ब्राजील के साथ उनके प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि उनकी योजना ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनैशियो लूला डीसिल्वा से भी गुरुवार को रियो डी जनेरियो में एक बैठक के दौरान मुलाकात करने की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications