गर्मी से निजात नहीं, धूल भरी आंधी के आसार
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक केरल, लक्ष्यद्वीप और अंडमान निकोबार के अलावा उत्तर-पूर्वी भारत में जोरदार बारिश हो सकती है। जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी अगले 24 घंटों के दौरान बारिश की संभावना है।
दिल्ली के मौसम में कोई खास परिवर्तन के आसार नहीं हैं। आईएमडी का अनुमान है कि मंगलवार को भी लगभग ऐसा ही मौसम रहेगा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्यिसय के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं बुधवार को तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक तपिश से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। जल्द बारिश के कोई लक्षण नहीं हैं, लिहाजा तापमान और बढ़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को भी मौसम सूखा ही रहेगा। यद्यपि, मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिम भारत के साथ-साथ मध्य भारत में भी अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में मामूली कमी आ सकती।
उधर, पटना सहित राज्य के कई इलाकों में रविवार को देर रात हुई हल्की बारिश के बाद मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटे में राज्य के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चौबीस घंटे में राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अनिमेष चंद्रा ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में राज्य के कुछ इलाकों में तेज हवा चल सकती है तथा गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वाचल के साथ ही मध्य उत्तर प्रदेश के इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications