झारखण्ड के कांग्रेसी विधायकों की बैठक गुरुवार को
कांग्रेस की राज्य इकाई के महासचिव शैलेश सिन्हा ने आईएएनएस को बताया, "हमारे झारखण्ड प्रभारी केशव राव गुरुवार को रांची पहुंच रहे हैं और वह राज्य के राजनीतिक हालात के बारे में विधायकों की राय जानने के लिए उनके साथ एक बैठक करेंगे।"
सिन्हा ने कहा, "राव, वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ भी एक बैठक करेंगे और उसके बाद वह झारखण्ड के राजनीतिक हालात के बारे में विधायकों और नेताओं की राय से केंद्रीय नेताओं को अवगत कराएंगे।"
पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस झारखण्ड में सरकार बनाने के विकल्पों पर विचार कर रही है। पार्टी नेता कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और झारखण्ड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) को साथ लाने के लिए इन दोनों पार्टियों के नेताओं के साथ बराबर संपर्क में हैं।
कांग्रेस, झामुमो व जेवीएम-पी के पास 81 सदस्यीय विधानसभा में क्रमश: 14, 18 व 11 विधायक हैं। जेवीएम-पी कांग्रेस की चुनाव पूर्व सहयोगी है, लेकिन दोनों को बहुमत प्राप्त करने के लिए झामुमो के समर्थन की आवश्यकता है।
राज्यपाल एम.ओ.एच.फारुक ने सोरेन को विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए 31 मई तक का समय दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications