उत्तर भारत में लू और तपिश से लोग बेहाल (राउंडअप)
पिछले 24 घंटों के दौरान कोटा (राजस्थान) देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर के राज्यों, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह और पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उड़ीसा एवं केरल के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।
आईएमडी के अनुसार राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्से लू के थपेड़ों से बुरी तरह प्रभावित हैं। इसी तरह विदर्भ, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में भी तपिश और लू से लोग बेहाल हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान पोर्ट ब्लेयर में छह सेंटीमीटर, गुवाहाटी, चापारमुख व पुनालुर में चार, शांतिनिकेतन, बांकुरा, उत्तरी लखीमपुर, तेजपुर, भुवनेश्वर और कोट्टायम में तीन सेंटीमीटर बारिश हुई।
मंगलवार को देश के चार महानगरों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, मुंबई का 34 डिग्री सेल्सियस, चेन्नई का 34 डिग्री सेल्सियस और कोलकाता का 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। राज्य में पारा 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान बुंदेलखंड क्षेत्र का झ्झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 45.4, इलाहाबाद का 39.6, वाराणसी का 39.0, कानपुर का 38.8 और लखनऊ का 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि गर्मी और लू के प्रकोप से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वाचल के साथ ही मध्य उत्तर प्रदेश के इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
बिहार के कुछ हिस्सों में पिछले चौबीस घंटे के दौरान हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान हुई बारिश से पटना का अधिकतम तापमान गिरकर 31.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। विभाग के अनुसार मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापमान 24़1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का 25.5, भागलपुर का 24.2 तथा पूर्णिया का 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने मंगलवार को बताया कि यह मानसून आने के पहले का समय है। ऐसे समय में बारिश होना आम बात है। मानसून आने तक आंधी-पानी का दौर भी जारी रहेगा। उन्होंने संभावना व्यक्त की है कि जून के मध्य तक राज्य में मानसून आ जाएगा।
मध्य प्रदेश में गर्मी व लू का कहर जारी है और आने वाले दिनों में इससे निजात के आसार भी नहीं हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार ही चल रहा है।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे गर्म दतिया, ग्वालियर, राजगढ़ और शाजापुर रहा, जहां पारा 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। वहीं भोपाल में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 43.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 46़ 7 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 24 से 48 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहने के साथ लू का प्रकोप बना रहेगा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 48 घंटों के भीतर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, उड़ीसा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 48 घंटों के भीतर गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications