एयर इंडिया में हड़ताल से उड़ानें प्रभावित (लीड-2)
मुंबई/नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। सार्वजनिक क्षेत्र की उड्डयन कंपनी एयर इंडिया के देश भर के 15,000 से अधिक चालक दल के सदस्य और रख-रखाव इंजीनियर मंगलवार को अचानक हड़ताल पर चले गए। इस कारण विमानन कंपनी के दैनिक संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
सूत्रों के मुताबिक कर्मचारियों की कमी के चलते कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। दिल्ली-कोलकाता (आईसी 264), दिल्ली-मुंबई (आईसी 805), दिल्ली-अहमदाबाद (आईसी 469) और दिल्ली-पुणे (आईसी 849) उड़ाने रद्द कर दी गई हैं।
एयर इंडिया यूनियन के सूत्रों ने कहा है कि हड़ताल के कारण देश भर के हवाई अड्डों पर कंपनी की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इस कारण कई उड़ानों में देरी की खबर है।
यूनियन ने कहा कि उन्होंने प्रबंधन से अपनी मांगों को लेकर कई बार बात करने का प्रयास किया लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं हुए।
एयर कारपोरेशन इंप्लाइस यूनियन (एसीईयू) के महासचिव आनंद प्रकाश ने कहा, "हड़ताल प्रमुख रूप से चार-पांच मांगों को लेकर बुलाई गई है। हमारे साथ कंपनी के 12,000 चालक दल के सदस्य और इंजीनियर हैं। इस कारण सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।"
उन्होंने कहा, "उन्होंने समय-समय पर हमारी वेतन संबंधी मांगों की उपेक्षा की है। ग्राउंड हैंडलिंग की नई नीति भी हमें प्रभावित कर रही है।"
एयर एंडिया द्वारा हाल ही में जारी आदेश में कर्मचारियों को मीडिया से बात न करने की हिदायत दी गई है, इस आदेश ने कर्मचारियों के असंतोष को और बढ़ा दिया है।
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने हालांकि कहा है कि केवल पुणे की उड़ान के अलावा कोई उड़ान रद्द नहीं हुई है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा है कि कंपनी मुश्किलों से गुजर रही है और ऐसे वक्त में कर्मचारियों को उसका साथ देना चाहिए।
चालक दल के सदस्य और रख-रखाव इंजीनियर अपनी कई मांगों को लेकर हड़ताल पर गए हैं। उनकी प्रमुख शिकायत यह है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता है।
हवाई अड्डा सूत्र के मुताबिक हड़ताल पर गए कर्मचारी दोपहर 1.30 बजे से ही नई दिल्ली स्थित पालम हवाई अड्डे पर जमा होने लगे थे। शिफ्ट का बदलाव दोपहर दो बजे से होता है। हड़ताली कर्मचारी अपने साथ ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को जोड़ना चाहते हैं।
एयर इंडिया ने इससे पहले कर्मचारियों के उत्पादकता आधारित भत्ते (पीएलआई) में 50 प्रतिशत की कटौती करके 700 करोड़ रुपये बचाने का आदेश जारी किया था। एयर इंडिया में कुल कर्मचारी वेतन का 30 से 50 प्रतिशत हिस्सा पीएलआई के जरिए ही मिलता है। पिछले अगस्त माह से एयर इंडिया में पीएलआई का भुगतान नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications