एयर इंडिया के 15 हजार कर्मचारी हड़ताल पर (लीड-1)
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने हालांकि कहा है कि उड़ान का संचालन सामान्य है और 'प्रबंधन के पास हड़ताल की कोई सूचना नहीं है'। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा है कि कंपनी मुश्किलों से गुजर रही है और ऐसे वक्त में कर्मचारियों को उसका साथ देना चाहिए।
चालक दल के सदस्य और रख-रखाव इंजीनियर अपनी कई मांगों को लेकर हड़ताल पर गए हैं। उनकी प्रमुख शिकायत यह है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता है।
एयर इंडिया यूनियन के सूत्रों ने कहा है कि हड़ताल के कारण देश भर के हवाई अड्डों पर कंपनी की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इस कारण कई उड़ानों में देरी की खबर है।
एयर कारपोरेशन इंप्लाइस यूनियन (एसीईयू) के महासचिव आनंद प्रकाश ने कहा, "हड़ताल प्रमुख रूप से चार-पांच मांगों को लेकर बुलाई गई है। हमारे साथ कंपनी के 12,000 चालक दल के सदस्य और इंजीनियर हैं। इस कारण सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।"
हवाई अड्डा सूत्र के मुताबिक हड़ताल पर गए कर्मचारी दोपहर 1.30 बजे से ही नई दिल्ली स्थित पालम हवाई अड्डे पर जमा होने लगे थे। शिफ्ट का बदलाव दोपहर दो बजे से होता है। हड़ताली कर्मचारी अपने साथ ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को जोड़ना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications