त्रिनिदाद एवं टोबैगो में भारतीय मूल की महिला बनी प्रधानमंत्री (लीड-1)

पोर्ट ऑफ स्पेन, 25 मई (आईएएनएस)। भारतीय मूल की कमला प्रसाद बिसेसार त्रिनिदाद एवं टोबैगो की पहली महिला प्रधानमंत्री चुनी गई हैं। कमला के पूर्वज उन लाखों भारतीय श्रमिकों में से एक रहे हैं, जो 19वीं शताब्दी में कैरेबियाई द्वीपों पर लाए गए थे।

कमला के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाले राजनीतिक गठबंधन ने भारी बहुमत के साथ सत्तारूढ़ पार्टी के 43 वर्ष के शासन को खत्म किया है। कमला की पीपुल्स पार्टनरशिप पार्टी ने सोमवार को हुए मतदान में 41 में से 29 संसदीय सीटों पर कब्जा किया। कमला को मंगलवार को राष्ट्रपति जार्ज मैक्सवेल रिचर्ड्स प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

58 वर्षीया कमला दो बच्चों की दादी और ईश्वर में अपार विश्वास रखने वाली हिंदू महिला हैं। अपनी इस शानदार उपलब्धि पर उन्होंने कहा, "मैं देश की महिलाओं का धन्यवाद करती हूं। उनके समर्थन और सहयोग के बगैर हम इतनी बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकते थे। मैं उनके माध्यम से ही इस जीत का जश्न मनाना चाहती हूं।"

कमला ने मौजूदा प्रधानमंत्री पैर्टिक मैनिंग को पदच्युत किया है। मैनिंग 2002 से प्रधानमंत्री हैं जबकि उनकी पार्टी चार दशक से भी अधिक समय से शासन में थी।

22 अप्रैल 1952 में जन्मी कमला एक शिक्षित महिला हैं। उन्होंने लॉ-स्कूल में टॉप करने के साथ-साथ वेस्टइंडीज विश्वविद्यालय से प्रबंधन की डिग्री ग्रहण की है। इसके अलावा वह शिक्षा के क्षेत्र में डिप्लोमा भी कर चुकी हैं। वह देश में कई प्रमुख पदों पर काम कर चुकी हैं।

कमला के पूर्वज उन 148,000 भारतीय श्रमिकों में से एक रहे हैं, जो 1845 से 1917 के बीच कैरेबियाई द्वीपों पर गन्ने और कोकोआ के खेतों में काम करने के लिए लाए गए थे। त्रिनिदाद एवं टोबैगो की जनसंख्या 13 लाख है, जिसकी 44 फीसदी आबादी भारतीय है।

कमला सिपारिया संसदीय क्षेत्र से विगत 15 वर्षो से चुनी जाती रही हैं। वह तत्कालीन प्रधानमंत्री बासदेव पांडेय को दरकिनार करते हुए राजनीति में आईं थीं और अपनी पार्टी का नेतृत्व संभाला था।

वह तेल के धनी इस देश में किसी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला बनी थीं। कमला ने यूनाइटेड नेशनल कांग्रेस के नेतृत्व के लिए पिछले वर्ष 24 जनवरी को अपने गुरु पांडेय को चुनौती दी थी। इस पार्टी का गठन 20 वर्ष पहले किया गया था।

अब जबकि कमला सत्ता के सर्वोच्च मुकाम पर पहुंच चुकी हैं, उन्हें मुख्य तौर पर अपनी पार्टी युनाइटेड नेशनल कांग्रेस के साथ-साथ कांग्रेस ऑफ पीपुल, द नेशनल ज्वाइंट एक्शन कमिटी, टोबैगो आर्गेनाइजेशन ऑफ पीपुल्स और मूवमेंट फॉर सोशल चेंज नाम की अन्य पार्टियों के साथ मिलकर सरकार चलाना होगा। इन सभी पार्टियों ने पीपुल्स पार्टनरशिप के बैनर तले इस वर्ष चुनाव लड़ा है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+