राजस्थान में प्रचंड गर्मी, 5 दिन में 30 की मौत
प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान 18 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, जयपुर समेत राज्य के कई हिस्सोंे में मंगलवार को भी धूलभरी आंधी और झुलसाने वाली गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। लू और धूलभरी हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जयपुर में पुलिस और अस्पताल सूत्रों के अनुसार बीती रात से मंगलवार सुबह तक जिले में पांच लोग गर्मी के कारण दम तोड़ चुके हैं।
शहर के सरदार पटेल मार्ग व माणक चौक थाना इलाके में एक व्यक्ति की लू से मौत हो गई जबकि बजाज नगर इलाके में चाय की दुकान चलाने वाले एक अधेड़ की बीती रात एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई।
जयपुर के ही उपनगरीय कानौत और चौमूं में लू से एक अज्ञात रिक्शाचालक और एक भिखारी की जान चली गई। प्रदेश में विभिन्न इलाकोंे में तापमान में बढ़ोत्तरी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 45 से 48 डिग्री तक तापमान बना हुआ है।
सोमवार को जोधपुर जिले के फलौदी में सबसे अधिक तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह श्रीगंगानगर, सवाई माधोपुर और कोटा में भी तापमान 48 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। कोटा, सवाई माधोपुर, धौलपुर, अलवर सहित कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान अंधी के साथ बारिश हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications