खोसला की अमेरिकी कंपनी में सलाहकार बने ब्लेयर
समाचार पत्र गार्जियन ने मंगलवार को कहा कि ब्लेयर अपनी विशेषज्ञताओं और वैश्विक संबंधों से पर्यावरण अनुकूल प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने वाली कैलीफोर्निया स्थित खोसला की कंपनी की सहायता करेंगे।
विनोद खोसला कंप्यूटर कंपनी सन माइक्रोसिस्टम्स के संस्थापकों में से एक हैं। फोर्ब्स पत्रिका ने इस 55 वर्षीय अरबपति की संपत्ति 1.1 अरब डॉलर आंकी है। खोसला ने कहा कि दुनिया को तेल, कोयले, सीमेंट और इस्पात के स्वच्छ विकल्प की खोज के लिए तकनीकी सफलता की ओर प्रयास करना चाहिए।
ब्लेयर ने कहा कि जलवायु संकट हल करना किसी राजनीति एजेंडे से अधिक है। यह एक तात्कालिक प्राथमिकता है जिसके लिए नवोन्मेष, रचनात्मकता और महत्वाकांक्षा की आवश्यकता है।
एक बयान में ब्लेयर ने कहा, "मैं और विनोद एक स्पष्ट दृष्टिकोण के साझेदार हैं। भविष्य में इसका हमारे पर्यावरण पर बहुत बड़ा प्रभाव होगा।"
सैन फ्रांसिस्को के समीप सयुसलिटो में सोमवार को कंपनी के निवेशकों के सम्मेलन में ब्लेयर की नियुक्ति की घोषणा की गई।
ब्लेयर ने वाल स्ट्रीट जर्नल से कहा कि यह एक निस्वार्थ भूमिका नहीं है।
खोसला ने कहा कि इस व्यवस्था से उनको टोनी ब्लेयर की सलाह मिल सकेगी। ब्लेयर उन क्षेत्रों में मददगार होंगे जिनके बारे में सिलिकॉन वैली के तकनीकी विशेषज्ञों को कोई जानकारी नहीं होती।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications