दुर्घटनाग्रस्त राजधानी एक्सप्रेस के यात्री विशेष रेलगाड़ी से रवाना (लीड-2)
इस घटना के बाद इस मार्ग पर चलने वाली कई रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है। सोनपुर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी बी़ राम ने बताया कि दुर्घटना के बाद इस रेलखंड पर चलने वाली 8181 टाटा-कटिहार लिंक एक्सप्रेस तथा पांच पैसेंजर ट्रेनों को अगली सूचना तक के लिए रद्द कर दिया गया है जबकि तीन अन्य एक्सप्रेस रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन कर दिया गया है।
राम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त राजधानी एक्सप्रेस के सभी यात्रियों को 17 बोगियों की एक विशेष रेलगाड़ी से गंतव्य की ओर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त राजधानी पर करीब 800 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि मार्ग को दुरूस्त करने का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम आर. के. अग्रवाल ने बताया कि दुर्घटना का मुख्य कारण चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना है। उन्होंने बताया कि जैसा कि दुर्घटनाग्रस्त एक्सप्रेस के चालक से बात हुई है उसके अनुसार पटरी पर एक तेज आवाज हुई और उसने ब्रेक लगा दी, जिससे रेलगाड़ी के 14 डब्बे एक-एक करके पटरी से उतर गए।
इस घटना के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। इधर, राम ने बताया कि इस घटना के बाद केवल डाउन पटरी क्षतिग्रस्त हुई है अप पटरी पूरी तरह सुरक्षित है।
इस बीच पुलिस ने इस संभावना से इंकार कर दिया कि इस दुर्घटना में नक्सलियों का किसी प्रकार का हाथ हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications