नियंत्रण रेखा पर स्थिति शांतिपूर्ण
जम्मू, 24 मई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार को पाकिस्तानी और भारतीय सुरक्षा बलों के बीच छह घंटे से ज्यादा देर तक चली गोलीबारी के बाद सोमवार को नियंत्रण रेखा पर किसी किस्म की गोलीबारी की खबर नहीं है लेकिन यहां तनाव बना हुआ है। यह जानकारी सेना के सूत्रों ने दी।
पुंछ के मेंढर इलाके में कृष्णा घाटी सेक्टर के क्रांति और कृपाण चौकियों पर रविवार सुबह करीब नौ बजे पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी शुरू की। जम्मू से 200 किलोमीटर उत्तर में पुंछ के कृष्णा घाटी में स्थित इन चौकियों की सुरक्षा का दायित्व भारतीय सेना की 17 म्हार रेजिमेंट के हाथ है। इस गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया।
सेना के एक प्रवक्ता ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि रविवार शाम तीन बजे के बाद से गोलीबारी की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया, "आज सुबह तक नियंत्रण रेखा से गोलीबारी की किसी घटना की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन वहां तनाव बना हुआ है।"
सेना के सूत्रों ने पाकिस्तान की ओर से इस अकारण गोलीबारी के कारणों के बारे में अटकलें लगाने से इंकार कर दिया। एक अधिकारी ने बताया, "हमने सेना मुख्यालय को नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना के शत्रुतापूर्ण रवैये की जानकारी दे दी है।"
दोनों पक्षों के बीच सोमवार को फ्लैग मीटिंग होने की संभावना है। बैठक में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की बढ़ती घटनाओं पर विचार विमर्श होगा। सूत्रों ने बताया कि भारत पाकिस्तान की कार्रवाई के प्रति विरोध व्यक्त करेगा।
जहां तक भारतीय पक्ष का सवाल है, सेना चौकसी बरत रही है, क्योंकि नियंत्रण रेखा से ही आतंकवादी अमूमन भारत में घुसपैठ करते हैं। इसके अलावा पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा एक महीने में चार बार संघर्षविराम का उल्लंघन किए जाने से भी तनाव बढ़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications