मैंगलोर विमान हादसा : फ्लाइट डाटा रिकार्डर की खोज मंगलवार को भी (लीड-1)
अधिकारियों ने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) का खोजी दल मंगलवार को तलाशी का काम जारी रखेगा।
इस दल ने रविवार शाम तक काकपिट वायस रिकार्डर (सीवीआर) और डिजिटल फ्लाइट डाटा एक्वीसिशन युनिट (डीएफडीएयू) को साथ रखने वाले ब्लैक बॉक्स के एक हिस्से को बरामद कर लिया था।
विशेषज्ञों के अनुसार दो उपकरणों-डिजिटल कॉकपिट वायस रिकार्डर और फ्लाइट डाटा रिकार्डर को आम बोलचाल में ब्लैक बॉक्स कहा जाता है। इनसे दुर्घटना के कारणों की जांच में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
कॉकपिट वायस रिकार्डर, कॉकपिट में हुई किसी भी बातचीत और हवाई यातायात नियंत्रक के साथ हुई वार्ता को रिकार्ड करता है, जिससे किसी भी दुर्घटना के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलता है। फ्लाइट डाटा रिकार्डर में विमान की उड़ान का विवरण मसलन उसकी गति, इंजन की स्थिति, हवा का दबाव, ऊंचाई, राडार की स्थिति दर्ज होती है जो दुर्घटना की जांच के लिए महत्वपूर्ण है।
डीजीसीए के बयान के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान का सीवीए आग से प्रभावित हुआ है लेकिन इससे आवश्यक जानकारी हासिल होने की उम्मीद है।
बयान में कहा गया कि डीएफडीएयू उड़ान संबंधी आंकड़े दर्ज करने वाले उपकरण डिजिटल फ्लाइट डाटा रिकार्डर के समान ही है, फिर भी डिजिटल फ्लाइट डाटा रिकार्डर की तलाश जारी है।
एक जांच अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि सीवीआर और फ्लाइट डाटा का विश्लेषण अगले पखवाड़े तक होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications