मप्र भाजपा के अध्यक्ष प्रभात झा 'बे'कार
प्रभात झा ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सात मई को ऐलान किया था कि वे जल्दी ही अपनी संपत्ति का ब्योरा जारी कर देंगे, जिसे सोमवार को पूरा कर दिया गया। इस ब्योरे में बताया गया है कि उनके पास आज की तारीख में कुल 32 लाख की संपत्ति है।
ब्योरे में बताया गया कि झा जब मध्य प्रदेश आए थे तब उनके पास कुछ भी नहीं था। आय का मुख्य जरिया राज्यसभा के सदस्य के रूप में मिलने वाली राशि के अलावा आय का कोई दूसरा जरिया नहीं है। इसके अलावा कृषि भूमि से भी कुछ आमदनी हो जाती है।
झा जब राज्यसभा सदस्य बने थे तब उनके पास कुल 28 लाख की संपत्ति थी जिसमें से सात लाख उनके द्वारा अर्जित नहीं की गई है। दो साल में उनकी आय में इजाफा राज्यसभा सदस्य बनने से हुआ है। इस अवधि में कुल 16 लाख की प्राप्तियां हुईं, जिनमें से आठ लाख रुपये खर्च हो गए। एक मेडीकल पॉलिसी पर दो लाख खर्च किए हैं और राज्यसभा के खाते में छह लाख की रकम जमा हैं।
झा ने ब्योरे में बताया है कि उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक बालिग है और वह जो कमाता है उसे उन्होंने अपनी आय में नहीं जोड़ा है। दोनों बेटों के पास भी मोटरसाइकिल हुआ करती थी जिसमें से एक बची है। वहीं चार पहिया वाहन उनके पास नहीं है। झा ने भरोसा दिलाया है कि वे हर दो वषों में अपनी संपत्ति का ब्योरा देते रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications