रिलायंस समूहों के शेयरों में तेजी
मुकेश और अनिल अंबानी दोनों समूहों ने रविवार को गैस आधारित बिजली उत्पादन के अलावा अन्य व्यापारों में आपस में प्रतिस्पर्धा न करने के समझौते को रद्द करने की घोषणा की थी। इस समझौते से दोनों समूहों के बीच सहयोग बढ़ने की उम्मीद है।
रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) की रिलायंस नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड (आरएनआरएल) के शेयर में 22.58 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। कंपनी का शेयर पिछले कारोबारी दिन के अंतिम स्तर 44.50 की तुलना में 10.05 रुपये बढ़कर 54.55 रुपये पर बंद हुआ।
एडीएजी समूह की एक अन्य कंपनी रिलायंस पॉवर का शेयर दिन के कारोबार में 159.95 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंचा और पिछले कारोबारी सत्र के अंतिम स्तर 138.65 रुपये से 7.86 प्रतिशत बढ़कर 149.55 रुपये पर बंद हुआ।
दूरसंचार कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन का शेयर भी 10.87 फीसदी बढ़कर 147.90 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में इससे 150.75 रुपये का उच्च स्तर छुआ। इसके अलावा रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर का शेयर भी 6.23 फीसदी बढ़कर 1050.05 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में इसने 1105.70 रुपये का उच्च स्तर छुआ।
रिलायंस कैपिटल का शेयर व्यापारिक हितों की सुरक्षा की उम्मीद के चलते 4.80 फीसदी बढ़कर 672.10 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में इसने 696 रुपये का उच्च स्तर छुआ।
वहीं मकेश अंबानी समूह की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.58 फीसदी बढ़कर 1021.45 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में इसने 1049 रुपये का उच्च स्तर छुआ।
रिलायंस इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड का शेयर 11.35 प्रतिशत बढ़कर 783.55 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में इसने 832 रुपये का उच्च स्तर बनाया।
रिलायंस समूह के शेयरों में तेजी के चलते बंबई स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों वाले सूचकांक सेंसेक्स में भी जोरदार तेजी दर्ज की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications