राजकुमार से भेंट के लिए नक़द की मांग

राजकुमार से भेंट के लिए नक़द की मांग

ब्रिटेन की भूतपूर्व राजवधू डचेस ऑफ़ यॉर्क सारा फ़र्ग्यूसन फिर संकट में हैं.

न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड का दावा है कि डचेस ने एक व्यापारी को अपने पूर्व पति राजकुमार ऐंड्रू तक पहुंचने के लिए 500,000 पाउंड की मांग की.

असल में ये एक स्टिंग ऑपरेशन था जिसमें न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड के रिपोर्टर ने एक समृद्ध व्यापारी बनकर सारा फ़र्ग्यूसन से मुलाक़ात की और सारी बातचीत वीडियो पर रेकार्ड की.

इस वीडियो में डचेस ऑफ़ यॉर्क 40,000 डॉलर की रक़म नक़द लेते हुए और ये कहते हुए दिखाई देती हैं, “आप मेरा ख़्याल रखें और वो आपका ख़्याल रखेंगे. आपको दस गुना वापस मिलेगा. मैं आपके लिए सब तरह के दरवाज़े खोल सकती हूं”.

रविवार को छपने वाले रूपर्ट मरडॉक के इस लोकप्रिय अख़बार में लिखा है कि ब्रिटेन के व्यापार दूत राजकुमार ऐंड्रू को इस सौदे की कोई जानकारी नहीं थी.

लंदन के समृद्ध मेफ़ेयर इलाक़े में सारा फ़र्ग्यूसन के फ़्लैट में यह मुलाक़ात हुई.

'गोरों से भी गोरे'

इस वीडियो के साउंडट्रैक में 50 वर्षीया डचेस कहती सुनी जाती हैं, “500,000 पाउंड तब देना जब मैं आपके लिए नए द्वार खोलूं”.

न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड ने बताया कि किस तरह उसका रिपोर्टर इस महीने के आरंभ में न्यूयॉर्क में और पिछले सप्ताह लंदन में डचेस से मिला.

पहली मुलाक़ात में डचेस ने राजकुमार के साथ उसकी भेंट कराने की पेशकश की, “मैं चाहती हूं कि आप ऐंड्रू से मिलें...जैसे ही आप लंदन आएं आप रॉयल लॉज में पधारें”.

डचेस ऑफ़ यॉर्क ने कहा, “मैं आपका उनसे परिचय कराउंगी और फिर आप जो भी बात करना चाहें करें”.

अख़बार के अनुसार डचेस ऑफ़ यॉर्क ने कहा, “मैंने ऐंड्रू से आपसे मिलने की बात की...मैं कभी पैसे की बात नहीं करती लेकिन क्योंकि हम दोनों सौदा कर रहे हैं इसलिए....”

इसके बाद वो 40,000 डॉलर नक़द लेती दिखाई देती हैं. और 500,000 पाउंड अपने बैंक खाते में डाले जाने की बात कहती हैं.

डचेस ये भी कहती हैं कि उनके पूर्व पति 2001 से ब्रिटेन के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और निवेश के विशेष प्रतिनिधि हैं लेकिन वो किसी चीज़ के लिए एक कौड़ी भी नहीं लेते. वो ‘गोरों से भी अधिक गोरे’ हैं.

'सबसे सुखी तलाक़शुदा दम्पति'

समाचार पत्र में डचेस अपने पूर्व पति राजकुमार ऐंड्रू से अपने संबंधों के बारे में कहती हैं, “हम दुनिया के सबसे सुखी तलाक़शुदा दम्पति हैं”.

लेकिन वो ये भी स्वीकार करती हैं कि वो आर्थिक संकट से जूझ रही हैं. क्योंकि उनकी तलाक़ की शर्तों के अनुसार उन्हे केवल 15,000 पाउंड सालाना ही मिलता है.

न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड के राजपरिवार संबंधी मामलों के सम्पादक रॉबर्ट जॉबसन कहते हैं कि यह कहानी सार्वजनिक हित में छापी गई है.

रॉबर्ट जॉबसन कहते हैं, “ सबसे गंभीर बात ये है कि डचेस इतनी हताश हैं कि वो अपने पूर्व पति और अपने देश की प्रतिष्ठा दांव पर लगाने को तैयार हैं. उस अंतरराष्ट्रीय राजदूत की महत्वपूर्ण भूमिका को दांव पर लगा रही हैं जिसका ख़र्च ब्रिटेन का करदाता उठाता है”.

डचेस की प्रवक्ता का कहना है कि उन्हे इस कहानी की जानकारी तब मिली जब रविवार की सुबह उन्हे प्रेस से फ़ोन आने शुरु हुए.

हाल के वर्षों में डचेस की आर्थिक स्थिति कई बार अख़बारों की सुर्ख़ियां बनी है.

सारा फ़र्ग्यूसन ने ब्रिटेन की महारानी के दूसरे बेटे राजकुमार ऐंड्रू से 1986 में विवाह किया था. उनकी दो बेटियां हैं राजकुमारी बिएट्रिस और राजकुमारी यूजीन.

बाद में दोनों अलग हो गए और 1996 में उनका तलाक़ हो गया. लेकिन वो और उनकी बेटियां ड्यूक ऑफ़ यॉर्क के निवास में लौट आईं और दोनों के बीच बड़े अच्छे संबंध हैं.

समाचार पत्र कहता है कि इस नए विवाद का उनके रिश्तों पर बहुत बुरा असर पड़ेगा.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+