चण्डीगढ़ में राजस्थान पुलिस के 3 अधिकारी गिरफ्तार
चण्डीगढ़, 22 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को यहां राजस्थान पुलिस के तीन अधिकारियों को एक शराब व्यवसायी से वसूली करते हुए गिरफ्तार किया।
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार शराब व्यवसायी प्रवीण चुग की शिकायत पर हमने तीनों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। उप-निरीक्षक राकेश कुमार, प्रमुख कांस्टेबल शकील मोहम्मद और कांस्टेबल खेमा राम को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
इस अभियान का हिस्सा रहे सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि तीनों राजस्थान के सिरोही जिले से आए थे।
स्थानीय न्यायालय ने तीनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
व्यवसायी चुग ने बताया कि तीनों ने शुक्रवार रात को हमें सूचना दी कि राजस्थान पुलिस ने शराब लिए जा रहे उनके ट्रक को जब्त कर लिया है। शुरुआत में इन लोगों ने 50,000 रुपये की मांग की लेकिन बाद में 25,000 रुपये पर सहमत हो गए।
चुग ने बताया, "मैंने कोई ट्रक राजस्थान नहीं भेजा था और मुझे समझ में आ गया कि ये लोग वसूली का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए हमने इसकी सूचना सीबीआई को दी और तीनों पकड़े गए।"
अन्य राज्यों की तुलना में चण्डीगढ़ में शराब सस्ती है। इसलिए हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों में इसकी तस्करी भी होती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications