शादी समारोह में विषाक्त भोजन से 500 लोग बीमार (लीड-1)
मिली जानकारी के अनुसार महाकाल थाना क्षेत्र में स्थित नलियाबाखल इलाके में शादी के बाद मकबूल हाल में भोज का आयेाजन किया गया था। रविवार को आयोजित इस भोज में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। खाना खाने के बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।
कुछ ही देर में पीड़ित लोगों की संख्या 500 को पार कर गई और जिला चिकित्सालय में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बीमार लोगों में पुरुषों के अलावा महिलाएं और बच्चे भी बीमार हैं।
उज्जैन की कलेक्टर एम. गीता के मुताबिक जिला चिकित्सालय में पहुंचने वाले बीमारों की संख्या 400 हो गई है। इनके इलाज के लिए चिकित्सालय में चिकित्सकों के दल तैनात कर दिए गए हैं, इतना ही नहीं अन्य निजी अस्पतालों में भी पीड़ितों को भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार होने लगा है। वहीं शादी समारोह की खाद्य सामग्री के नमूने ले लिए गए हैं और उनकी जांच कराई जा रही है।
मरीजों की संख्या में लगातार हो रही बढोतरी के चलते जिला चिकित्सालय का आलम यह है कि मरीजों का बरामदे में इलाज करना पड़ रहा है। वहीं कई मरीज निजी चिकित्सालयों में भेज दिए गए है। आशंका जताई जा रही है कि दूषित मावा की मिठाई खाने से लोग बीमार हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications